कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! राज्य सरकार के सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले भर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार निर्माण श्रमिकों का पंजीयन, नवीनीकरण, योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अन्तर्गत 60 प्रकार प्रवर्ग श्रमिकों को अधिसूचित किया गया है। इसी प्रकार छ. ग. असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के अन्तर्गत कुल 58 प्रकार के प्रवर्ग कर्मकारों को अधिसूचित किया गया है। जिला कोण्डागांव में अब तक कुल 59 हजार 596 श्रमिकों व कर्मकारों का पंजीयन किया गया है। उक्त अधिसूचित प्रवर्ग श्रमिकों एवं नक्सल पीड़ित परिवार के सदस्यों को उनके निवास क्षेत्र में पंजीयन शिविर लगाकर पंजीयन एवं योजनाओं की जानकारी दिया गया। इसमें प्रमुख योजनाएं जैसे मिनीमाता महतारी जतन योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबु मेधावी शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निः शुल्क कोचिंग सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना इत्यादि प्रमुख योजनाएं संचालित हैं। छत्तीसगढ़ शासन, श्रम विभाग द्वारा उक्त मण्डल के अन्तर्गत श्रमिकों एवं उनके परिवार सदस्यों को जन्म से लेकर मृत्यु तक की योजनाएं संचालित कर श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्तर को संरक्षण एवं सुरक्षित करने का कार्य कर रही हैं।
श्रम विभाग कोण्डागांव द्वारा 09 दिसम्बर 2024 से 20 दिसम्बर 2024 तक कुल 16 विभिन्न स्थानों पर श्रमिक सम्मेलन एवं शिविर लगाकर कुल 509 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार कुल 118 नक्सल पीड़ित परिवार को मण्डल के अन्तर्गत पंजीयन किया गया है। नक्सल पीड़ित परिवार के सदस्यों को श्रमिक पंजीयन करने के पश्चात 90 दिवस के बाद मण्डल के अन्तर्गत संचालित मूलभूत योजनाओं से श्रमिक एवं उनके परिवार सदस्यों को लाभान्वित किया जाएगा।








