कोंडागांव से बन्नूराम यादव कि रिपोर्ट
कोण्डागांव ! प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के उद्देश्य को पूरा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत कई ग्रामीणों के पक्के मकान का सपना सच हो रहा है।

यह योजना जरूरतमंद परिवारों को न केवल सुरक्षित घर उपलब्ध करा रही है, बल्कि इससे हितग्राही सम्मानपूर्वक और बेहतर जिंदगी जी रहे हैं। कोण्डागांव विकासखण्ड अंतर्गत सातगांव के रहने वाले श्री सुकालु राम पांडे को पक्का आवास मिलने से उनकी जिंदगी पहले से बेहतर हुई है। अब वे पूरे सम्मान के साथ अपने स्वयं के पक्का मकान में रहते हैं और अपने परिवार के साथ सुकून से जीवन-यापन कर रहे हैं।
श्री सुकालु राम पांडे ने बताया कि पहले उनके परिवार की जिंदगी मिट्टी से बने और खपरैल वाले घर में बीत रही थी। मिट्टी के घर होने के कारण बरसात के दिनों में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इससे घर में सीलन की समस्या तो होती ही थी, साथ ही खपरैल छत में पानी टपकने की समस्या से भी जूझना पड़ता है। ऐसे में उन्हें अपने परिवार के लिए एक पक्के मकान की जरूरत महसूस होती थी, लेकिन खेती किसानी से प्राप्त आय से उनके पक्के मकान का सपना पूरा नहीं हो पा रहा था।
ऐसी परिस्थिति में श्री सुकालु राम के पक्का आवास के सपनों को पूरा करने में प्रधानमंत्री आवास योजना एक वरदान साबित हुई। इस योजना के तहत आज वे अपने परिवार में पत्नि और दो बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक जीविकोपार्जन कर रहे हैं। उनके पक्के मकान में परिवार के सदस्यों को सुरक्षित वातावरण मिला है, जिससे वे पहले से बेहतर तरीके से सुकून के साथ रह रहे हैं।
*महतारी वंदन से सुखबती पांडे को मिला आर्थिक संबल*
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के साथ-साथ श्री सुकालु राम की पत्नि श्रीमती सुखबती बाई को शासन की महत्वाकांक्षी योजना महतारी वंदन का लाभ मिल रहा है। श्रीमती सुखबती ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह महतारी वंदन की राशि मिल रही है, जिससे उन्हें घर की छोटी-छोटी जरूरतों के खर्चे में सहायता होती है। साथ ही अपने बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मदद मिल रही हैं।
श्री सुकालु राम और श्रीमती सुखबती ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से पक्का मकान का सपना पूरा हुआ। साथ महतारी वंदन योजना से उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला।








