
पारंपरिक खेल, झूला उत्सव और छत्तीसगढ़ी जनउला प्रतियोगिता में महिलाओं व युवाओं ने लिया हिस्सा
रायपुर। परिक्षेत्र रामनगर साहू समाज के युवा एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सामुदायिक भवन, कोटा रोड रामनगर में ‘सावन महोत्सव एवं वृक्षारोपण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए समाज के लोग
कार्यक्रम के दौरान सावन झूला उत्सव, पारंपरिक खेल और छत्तीसगढ़ी जनउला (पहेली) प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं और युवाओं ने छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में शामिल होकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक एकता और संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
समाज की एकजुटता और युवा नेतृत्व पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. नीरेन्द्र साहू, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ, ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज एक विशाल परिवार है और सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि आगामी समय में नए एवं युवा पदाधिकारियों की नेतृत्व क्षमता और संगठन संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण योजनाएं लागू की जाएंगी।
“पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार”
समाजसेवी मिथलेश साहू ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
वहीं मुकेश साहू, अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ शहर जिला, और निधि साहू ने युवाओं एवं महिलाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के बाद किया गया पौधरोपण
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप साहू, कार्यकारी अध्यक्ष शहर जिला साहू संघ रायपुर, ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. ममता साहू, शशिकांत साहू, दिव्या कलिहारी साहू, गोपी साहू, कमलनारायण साहू, माखनलाल साहू, भोलाराम साहू, दीपमनी राम साहू, निर्मला मेघराज साहू, डॉ. तृष्णा साहू, खेमलाल साहू, ममता साहू और आत्माराम साहू सहित समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, युवा और नागरिक शामिल हुए।








