रवि गहने जालबांधा। जालबांधा मुख्य मार्ग के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में घुमर्रा निवासी बिसनाथ वर्मा (पिता–मायाराम वर्मा) की हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसनाथ वर्मा ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को वे लगभग 20 फीट लंबा लोहे का पाइप ई-रिक्शा में लोड करने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान पाइप को सीधा ऊपर उठाने पर वह ऊपर से गुजर रही 1100 वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।
बिजली लाइन से पाइप के छूते ही तेज करंट दौड़ गया, जिससे बिसनाथ वर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा उपाय मजबूत करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
जालबांधा में दर्दनाक हादसा: हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौत








