रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने के नाम पर ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी स्वयं को कलेक्टर कार्यालय का अधिकारी बताकर गांव-गांव घूमते थे और प्रत्येक व्यक्ति से ₹50 की राशि वसूलते थे, जबकि किसी का भी आयुष्मान कार्ड अपडेट नहीं किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना खैरागढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) एवं 3(5) में कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त कंप्यूटर सेट एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में शम्मी सिंह ठाकुर उर्फ मोनू सिंह ठाकुर (भिलाई), शुभलायक सिंह ठाकुर (पटेवा, राजनांदगांव) तथा गोपी निषाद (पुलगांव, दुर्ग) शामिल हैं।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं।
खैरागढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर ठगी, तीन फर्जी अधिकारी गिरफ्तार, जेल भेजे गए








