Buy Advt. Space

सुपोषण अभियान को जनआंदोलन बनाने की पहल, महापौर ने लगाया मुनगा का पौधा

By

दुर्ग। कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘सुपोषण वृक्ष–मुनगा’ अभियान के तहत नगर निगम दुर्ग क्षेत्र के सभी 222 आंगनबाड़ी केंद्रों में मुनगा के पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य मुनगा के पौष्टिक गुणों के प्रति लोगों को जागरूक कर इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देना है।

अभियान की शुरुआत रविवार को पोलसाय पारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में महापौर अलका बाघमार ने मुनगा का पौधा रोपकर की। इस दौरान एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, निलेश अग्रवाल, शशि साहू, पार्षद रंजीता पाटिल, सावित्री दमाहे, सुरूचि उमरे, सरिता चंद्राकर, गौरव शर्मा, तेखन सिन्हा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी अनिता सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि मुनगा को ‘सुपोषण का वृक्ष’ कहा जाता है। इसकी पत्तियों, फलियों और अन्य भागों में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, विटामिन सहित कई आवश्यक पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके नियमित सेवन से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार संभव है।

उन्होंने कहा कि कुपोषण के खिलाफ यह केवल शासकीय अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता से सफल होने वाला सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक मुनगा के पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए “घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा” का संदेश दिया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में तिथि न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। महापौर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को खीर-पूरी परोसकर भोजन कराया तथा सुपोषण किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Comment