ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव।कोण्डागांव,नीति आयोग, भारत सरकार के जिला प्रभारी केंद्रीय अधिकारी श्री पी. नरहरि ने गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में श्री नरहरि ने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण को जिले के विकास की आधारशिला बताते हुए स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी, शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समय पर उपस्थित होकर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करें। इसके साथ ही इन संस्थानों की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
आश्रम-छात्रावासों में स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं पर जोर
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने जिले के सभी आश्रम एवं छात्रावासों में स्वच्छता बनाए रखने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा बेहतर आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के नियमित शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर भी बल दिया।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए समन्वित कृषि पर फोकस
कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश देते हुए श्री नरहरि ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने उन्नत कृषि तकनीकों के प्रदर्शन, सूक्ष्म सिंचाई तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
बायर-सेलर मीट और फूड प्रोसेसिंग सेंटर की पहल
उन्होंने किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए नियमित बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में उपलब्ध कृषि उत्पादों के अनुरूप खाद्य प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा।
महिलाओं और युवाओं को आजीविका से जोड़ने पर बल
श्री नरहरि ने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, महिलाओं को ग्राम उद्योगों से जोड़ने तथा युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन विकास में संभावनाएं तलाशने के निर्देश
उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब माओवाद के प्रभाव से काफी हद तक मुक्त हो चुका है। ऐसे में पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
कलेक्टर ने प्रस्तुत की जिले की प्रगति रिपोर्ट
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले की प्रगति, विभिन्न विकास कार्यों और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








