ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव ,जिले में अवैध पेड़ कटाई और लकड़ी तस्करी के मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी अवैध पेड़ कटाई और लकड़ी परिवहन के खिलाफ आंदोलन करेगी।
भाजपा नेत्री पर लगाए गंभीर आरोप
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कोंडागांव सहित बस्तर संभाग में आम, इमली, जामुन सहित अन्य फलदार और बहुमूल्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई एवं परिवहन किया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस ने हाल ही में सामने आए उस मामले का उल्लेख किया जिसमें भाजपा नेत्री ज्योति उर्फ जूही तिवारी पर लकड़ी तस्करी का आरोप लगाया गया। कांग्रेस के अनुसार 18 मई की रात वन विभाग ने मसोरा क्षेत्र में लकड़ी से भरी एक गाड़ी को रोका था।
अनुमति प्रक्रिया पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन लकड़ी कटाई और परिवहन की अनुमति किन नियमों और शर्तों के आधार पर जारी करता है। उन्होंने कहा कि जब सरकार “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान चला रही है, तब हजारों पेड़ों की कटाई आखिर किसके संरक्षण में हो रही है।
उन्होंने यह भी पूछा कि यदि संबंधित पक्ष के पास वैध दस्तावेज हैं तो उनकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया स्पष्ट हो सके।
भाजपा नेताओं और वन मंत्री पर भी साधा निशाना
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इस प्रकार का कारोबार संभव नहीं है। पार्टी ने भाजपा नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रदेश के वन मंत्री के संरक्षण की भी जांच की मांग की।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जांच की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, प्रदेश सचिव सकुर खान, महिला कांग्रेस पदाधिकारी तबस्सुम बानो, हेमा देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।








