ब्यूरो रिपोर्ट रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान खैरागढ़ आबकारी विभाग को अवैध शराब के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। आबकारी विभाग वृत्त खैरागढ़ की टीम ने ग्राम भरतपुर में दबिश देकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाने और रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा के निर्देश एवं कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रावल के मार्गदर्शन में प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह धुर्वे के निर्देशन पर कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम भरतपुर निवासी शंकर गोंड (55 वर्ष) के खेत में बने झोपड़ी की तलाशी ली।
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता वाले 5 जरीकानों में कुल 25 बल्क लीटर हाथभट्ठी कच्ची महुआ शराब, शराब बनाने में प्रयुक्त भभका और अन्य बर्तन बरामद किए गए।
आबकारी विभाग ने मौके पर शराब और सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 34(1)(च), 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक प्रभाकर सिरमौर, जीवेश मिश्रा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।








