Buy Advt. Space

संयुक्त छात्रावास एकता दिवस में विधायक और कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री लता उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को संयुक्त छात्रावास एकता दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सुविधा विस्तार एवं सांस्कृतिक संरक्षण को प्रोत्साहित करना रहा।

छात्रों को योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और विद्यार्थियों से इनका अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।

सरस्वती सायकल योजना से बेटियों को मिलेगी मजबूती

विधायक ने राज्य शासन की सरस्वती सायकल योजना को बेटियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह योजना विद्यालय आने-जाने की सुविधा के साथ-साथ बेटियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने में सहायक है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

बस्तर पंडुम से संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच

उन्होंने बताया कि बस्तर की आदिम संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य शासन द्वारा बस्तर संभाग के सभी जिलों में बस्तर पंडुम का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा सके।

छात्रावासों के नियमित निरीक्षण की जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

स्वच्छता और जिम्मेदारी की अपील

कलेक्टर ने जिले के बालिका छात्रावास की सराहना करते हुए कहा कि यदि सभी छात्रावास इसी प्रकार स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रहें तो यह जिले की पहचान बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा—
“यह आपका छात्रावास है, यह आपका बगीचा है, इसका सही उपयोग करें और इसे स्वच्छ बनाए रखें।”

आदिवासी संस्कृति की झलक की जताई अपेक्षा

उन्होंने आगामी छात्रावास दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं की वेशभूषा में बस्तर की आदिवासी संस्कृति की झलक देखने की अपेक्षा भी व्यक्त की।

जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, नगरपालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्री जितेंद्र सुराना, श्री नागेश देवांगन, श्री बालसिंग बघेल, प्रदीप नाग, पूनम ठाकुर, गोविन्द रामटेके, अविनाश सोरी, रौनक पटेल, भोला ठाकुर, आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेंद्र तिवारी, छात्रावास के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment