ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी
बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के प्रसव-पूर्व एवं प्रसव-पश्चात नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च जोखिम (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की कोताही न हो और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
शामपुर स्वास्थ्य केन्द्र में लापरवाही पर कार्रवाई
कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र शामपुर में स्वास्थ्यकर्मियों की गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई। कलेक्टर के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा संबंधित आरएचओ को तीन माह का अवैतनिक अवकाश तथा सीएचओ की सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई है।
संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा
बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आकांक्षी विकासखण्ड एवं आकांक्षी जिला कार्यक्रम के सभी इंडिकेटर्स की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने इंडिकेटर्स में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ को आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
अन्य योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








