बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोशल मीडिया से शुरू हुआ प्रेम संबंध खौफनाक अंत तक पहुंच गया। इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय कामता प्रसाद के रूप में हुई है, जो उसलापुर स्थित शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था और एक होटल में काम करता था। वह मूल रूप से रतनपुर क्षेत्र का निवासी था।
पुलिस के मुताबिक, कुछ महीने पहले कामता की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए 22 वर्षीय रौशनी सूर्यवंशी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। हाल ही में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कामता ने रौशनी को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज होकर युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे रौशनी चाकू लेकर कामता के किराए के मकान पहुंची और उसका मोबाइल देखने की मांग की। जब कामता ने मना किया तो गुस्से में आकर युवती ने उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से कामता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी युवती को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह रिश्ता हत्या में तब्दील होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
CG News: इंस्टाग्राम पर ब्लॉक करने से भड़की प्रेमिका, चाकू मारकर बॉयफ्रेंड की हत्या








