Buy Advt. Space

गणतंत्र दिवस समारोह में बाल पुरस्कार विजेता योगिता मंडावी का सम्मान

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित बालिका योगिता मण्डावी को 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने योगिता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के कारण स्वयं उपस्थित नहीं हो सकीं योगिता

वर्तमान में योगिता नेशनल स्कूल गेम्स में प्रतिभाग करने हेतु मणिपुर राज्य के इम्फाल में आयोजित राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में शामिल हैं। इस कारण सम्मान समारोह में उनका प्रशस्ति पत्र उनके सह-खिलाड़ी द्वारा ग्रहण किया गया।

संघर्षों से भरा रहा योगिता का बचपन

उल्लेखनीय है कि जूडो खेल में राष्ट्रीय पहचान बना चुकी योगिता मण्डावी का जीवन बचपन से ही संघर्षों से भरा रहा है। उनका जन्म 01 जनवरी 2011 को छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम हिर्री में हुआ था।
कम उम्र में ही उनके पिता स्व. मायाराम मण्डावी एवं माता स्व. सुकमती मण्डावी का निधन हो जाने से मात्र चार वर्ष की आयु में वे अनाथ हो गईं। इसके बाद वे अपने चाचा-चाची के संरक्षण में रहीं।

बालगृह से मिली नई दिशा

देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए 25 जनवरी 2021 को जिला प्रशासन द्वारा योगिता को छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के बालगृह बालिका, कोंडागांव में प्रवेश दिलाया गया। बालगृह में आने के बाद योगिता के जीवन को एक नई दिशा मिली।

जूडो से बदली किस्मत

वर्तमान में योगिता स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, तहसीलपारा कोंडागांव में कक्षा 9वीं की छात्रा हैं। मात्र 10 वर्ष की आयु में उन्होंने जूडो खेल को अपनाया और कठिन परिश्रम एवं अनुशासन के बल पर कम समय में ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। एक वर्ष के भीतर ही उन्होंने राज्य स्तर पर पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर शानदार उपलब्धियाँ

योगिता ने

  • वर्ष 2024 में दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल,
  • खेलो इंडिया क्षेत्रीय प्रतियोगिता 2024 (नासिक) में सिल्वर मेडल,
  • खेलो इंडिया राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता 2024 (केरल) में सिल्वर मेडल,
  • वर्ष 2025 में राज्य स्तरीय ओपन एवं शालेय जूडो प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल,
  • तथा राष्ट्रीय ओपन जूडो प्रतियोगिता 2025 (हैदराबाद) में ब्रांज मेडल प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में पहचान

आज मात्र 14 वर्ष की आयु में योगिता मण्डावी एक राष्ट्रीय स्तर की जूडो खिलाड़ी हैं और वर्तमान में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, भोपाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

Leave a Comment