दुर्ग। ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर ऐसा शिकंजा कसा कि पूरा चिट्टा नेटवर्क बेनकाब हो गया। पंजाब से सिंथेटिक हिरोईन (चिट्टा) मंगवाकर दुर्ग-भिलाई में सप्लाई करने वाले दो बड़े नशा गिरोहों को पुलिस ने धर दबोचा। इस कार्रवाई में एक महिला समेत 9 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 52 ग्राम चिट्टा, डोडा चूरा, स्वीफ्ट कार, 9 मोबाइल फोन और लगभग 9 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त माल की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।
मां-बेटा चला रहे थे चिट्टा का धंधा
थाना जामुल क्षेत्र में पुलिस ने उस वक्त सनसनी फैला दी जब खुलासा हुआ कि एक महिला अपने ही बेटे के साथ मिलकर चिट्टा बेच रही थी। महिला पंजाब से चिट्टा मंगवाकर 20 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से ग्राहकों को सप्लाई कर रही थी। पुलिस ने महिला के घर से बड़ी मात्रा में नशा और करीब 9 लाख रुपये की नशे की कमाई बरामद की।
खुर्सीपार में नशे की चेन टूटी
इधर खुर्सीपार में पुलिस ने मिनी स्टेडियम के पास दो तस्करों को पकड़ा, जिनके पास से चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह पंजाब से नशा लाकर दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। एक के बाद एक नाम सामने आते गए और पूरा नेटवर्क पुलिस के रडार पर आ गया।
NDPS की सख्त धाराओं में जेल
सभी आरोपियों पर NDPS एक्ट की गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, नशे के इस रैकेट से जुड़े और बड़े चेहरे जल्द बेनकाब होंगे।
दुर्ग पुलिस का साफ संदेश
नशा बेचोगे तो जेल जाओगे
ऑपरेशन विश्वास जारी है
नशे का नेटवर्क पूरी तरह तोड़ा जाएगा








