Buy Advt. Space

गरियाबंद से बड़ी खबर : पीपरछेड़ी गांव में जमीन विवाद, पीड़ित ने शुरू किया आमरण अनशन

By



पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले के पीपरछेड़ी गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी स्वामित्व भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे को हटाने की मांग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पीड़ित खमतूराम नायक ने प्रशासनिक लापरवाही से परेशान होकर आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, खमतूराम पिता नरसिंग नायक, ग्राम पीपरछेड़ी निवासी ने कलेक्टर गरियाबंद को ज्ञापन सौंपकर बताया कि उसकी स्वामित्व भूमि खसरा नंबर 702, रकबा 0.10 हेक्टेयर पर गांव के ही तीजराम यादव ने अवैध कब्जा कर मकान निर्माण शुरू कर दिया है। जबकि न्यायालय एवं तहसील कार्यालय से इस भूमि पर निर्माण कार्य रोकने का आदेश पहले ही जारी किया जा चुका है।

इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है। इस वजह से खमतूराम को एक वर्ष से लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रशासन की निष्क्रियता से परेशान होकर उन्होंने 13 अक्टूबर 2025 से कलेक्टर कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

पीड़ित खमतूराम ने जिला प्रशासन से न्याय दिलाने और अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Comment