दुर्ग। थाना कुम्हारी पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक मौत के मामले में बड़ा खुलासा किया है। जो मामला पहले सामान्य मौत लग रहा था, वह दरअसल हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक के बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2025 को शासकीय अस्पताल कुम्हारी से दिलीप कुमार वर्मा द्वारा मृतक होरीलाल साहू की मृत्यु संबंधी अस्पताली मेमो पुलिस को दी गई थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान प्राप्त शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर आई गंभीर चोटों के कारण मृत्यु होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के बयान लिए, जिसमें सामने आया कि 4 अक्टूबर की रात मृतक का उसके पुत्र गजेन्द्र साहू के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान गजेन्द्र ने अपने पिता के साथ मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला पंजीबद्ध किया। आरोपी गजेन्द्र साहू को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया।
इस पूरे मामले की जांच थाना कुम्हारी पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
कुम्हारी में संदिग्ध मौत का खुलासा : पिता की हत्या करने वाला निकला बेटा, आरोपी गिरफ्तार








