पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देवभोग क्षेत्र का है, जहां डोंगरीगुड़ा और मुंडागांव के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बताया जा रहा है कि कार चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधा सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला। कार चालक के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल देवभोग उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल चालक को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी चल रही है।ग्रामीणों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। बाइक सवार अचानक सामने आ गया, ऐसे में चालक के पास गाड़ी मोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
गाड़ी मुड़ते ही सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डोंगरीगुड़ा और मुंडागांव के बीच का यह रास्ता काफी संकरा है और सड़क किनारे पेड़ों की घनी कतारें होने के कारण यहां अक्सर हादसों की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण और ब्लाइंड टर्न पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।








