
भिलाई।महिलाओं के उत्तम स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देकर सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण की दिशा में केन्द्र सरकार द्वारा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक देशभर में आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य चिकित्सालय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सेक्टर-9 में इस अभियान का शुभारम्भ कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. रविन्द्रनाथ एम ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. ठाकुर, डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. सौरभ मुखर्जी व डॉ. उदय कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
शुभारम्भ अवसर पर डॉ. रविन्द्रनाथ ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान की शुरुआत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा –
“महिला घर का केन्द्र होती है। एक स्वस्थ और सशक्त महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। अतः महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक होना होगा।”
उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर बताते हुए इस अभियान की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी:
डॉ. पी. मर्सी ने चर्म एवं असंकरणी रोगों के विषय में जागरूकता दी।
डॉ. मनीषा कांगो ने सिकल सेल रोग से संबंधित जानकारी साझा की।
डॉ. पूजा सियाल ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह व सिकल सेल पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी।
स्वास्थ्य जांच और परामर्श
अभियान के तहत उपस्थित महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर व सिकल सेल की जांच की गई। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आत्म-देखभाल के महत्व पर परामर्श दिया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं को पोषण संबंधी सुझाव, स्वच्छता उपाय, मातृत्व देखभाल और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जानकारी दी जाएगी।
अन्य विशेष अभियान भी जारी
उल्लेखनीय है कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग द्वारा ‘निक्षय मित्र’ (टीबी उन्मूलन), मिशन लक्ष्मी और महिला सुरक्षा से जुड़े विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
विशिष्ट उपस्थिति और आयोजन
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (एम एंड एचएस) श्री शाहिद अहमद, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संबिता पंडा, डॉ. मनीषा कांगो, डॉ. पी. मर्सी, एसीएमओ डॉ. संतोष नशीने, डॉ. अन्नपूर्णा, विभागाध्यक्ष डॉ. सोनाली त्रिवेदी, वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. नीना गुहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्राची मेने, कंसल्टेंट डॉ. दीपक दाशमोहापात्र, साइकियाट्रिस्ट डॉ. राहुल, उप प्रबंधक सुश्री शैला अब्राहम, सहायक प्रबंधक अनुजा सक्सेना सहित चिकित्सालय के अधिकारी, कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक श्रीमती लता मिश्रा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री अब्दुल हक, श्री लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी, सुश्री रेजी, सुश्री बीना, सुश्री गुंजन व श्री शुभम का विशेष योगदान रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर अभियान की रूपरेखा
यह अभियान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय तथा सेल कॉर्पोरेट ऑफिस के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है, जो 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा।








