भिलाई में वारदात, 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार – एक फरार
विनोद देवांगन भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। सरकारी स्कूल परिसर में दोस्तों के बीच हुए विवाद में 20 वर्षीय रोशन कुमार उर्फ बेंद्रा की ईंट और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। यह घटना नेवई थाना क्षेत्र की है।
बर्थडे पार्टी से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, रोशन कुमार अपने परिचित नकुल जायसवाल के 17वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। मरोदा स्टेशन कॉलोनी स्थित सरकारी स्कूल में करीब 7-8 दोस्त पार्टी कर रहे थे। खाने-पीने और मस्ती के दौरान ‘बर्थडे किक’ की रस्म शुरू हुई। इसी बीच मजाक-मस्ती झगड़े में बदल गई।
पत्थर और ईंट से वार कर हत्या

पुलिस के अनुसार, रात करीब 11.45 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आकाश और उसके नाबालिग साथियों ने मिलकर रोशन को जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उस पर पत्थर और ईंट से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे रोशन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ देर पहले तक चल रही पार्टी अचानक मातम में बदल गई।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही नेवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हत्या का मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
स्कूल परिसर में पार्टी पर सवाल
स्थानीय लोगों ने सरकारी स्कूल परिसर में देर रात पार्टी और शराबखोरी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल कैंपस लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना हुआ है। बाउंड्रीवॉल छोटी होने से आए दिन वहां जुआ, शराब और झगड़े होते रहते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस का बयान
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।








