भक्तों के लिए भोजन, चाय-नाश्ता, दूध, फल, दवा और विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था
भिलाई।बोल बम सेवा समिति एवं दुर्गोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी खुर्सीपार में जिले का सबसे बड़ा भक्त सेवा पंडाल बनाया जाएगा। शनिवार की सुबह विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। आचार्य पंडित धर्मेंद्र पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रातः 9 बजे पूजा कराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी खुर्सीपार का यह सेवा पंडाल भक्ति और सेवा का अद्वितीय संगम बनेगा। प्रदेशभर से पैदल मां बमलेश्वरी के दर्शन करने जाने वाले भक्तों के लिए यहाँ भोजन, फल-दूध, चाय-नाश्ता, दवाइयाँ, चिकित्सा और आराम की पूरी व्यवस्था होगी। साथ ही, पंडाल में माता की स्तुति, दुर्गा सप्तशती पाठ और अखंड भजन-कीर्तन की गूंज भक्तों को आत्मिक शांति और ऊर्जा प्रदान करेगी।
समिति का संकल्प
समिति के संस्थापक दया सिंह ने कहा – “सेवा ही हमारा धर्म है। माता की आराधना के साथ भक्तों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति है। हर साल की तरह इस साल भी विशाल और भव्य सेवा पंडाल बनाया जा रहा है।”
भूमि पूजन अवसर पर समिति पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में राकेश प्रसाद, प्रमोद सिंह, प्रशांत, विजेंद्र मिश्रा, के. पुष्पा राव, महिला विंग बबली, सुभद्रा देवी, मनोज पांडेय, गिरीलाल शर्मा, सुनिल अग्रवाल, राजकुमार साहू, प्रमोद नेताम, विनय मानिकपुरी, भोला साव, प्रदीप पांडेय, रमेश साहू, अजीत यादव, जमील मास्टर, सीनू राव, कृष्णा बरोड़ा सहित अन्य भक्तगण मौजूद रहे।
खुर्सीपार में जिले का सबसे बड़ा सेवा पंडाल, भूमि पूजन सम्पन्न








