Buy Advt. Space

कलेक्टर ने कन्या एवं बालक छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज कोण्डागांव में स्थित कन्या एवं बालक छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी छात्रावासों में सुव्यस्थित कम्प्यूटर कक्ष, स्टडी रूम और डायनिंग रूम की व्यवस्था सहित किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने 15 दिवस के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुधारने को कहा।

उन्होंने आदर्श पोस्ट मैट्रिक कन्या आदिवासी छात्रावास में अधिक्षक से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और एच बी टेस्ट की जानकारी ली और कम्प्यूटर कक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से कम्प्यूटर ज्ञान के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही अधीक्षक से प्लेसमेंट कैंप व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्राओं के बारे में जानकारी ली और निर्देशित किया कि छात्रावास से सफल होकर निकलने वाले छात्राओं के नाम सूचना पटल में डालें, ताकि अन्य छात्राएं भी उनसे प्रोत्साहित हो सकें।

उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य पंजी का निरीक्षण करते हुए पुनः स्वास्थ्य परीक्षण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कन्या छात्रावास हेतु पुस्तकालय की व्यवस्था हेतु भी अधीक्षक को निर्देशित किया और छात्राओं को नियमित समाचार पत्र पढ़ने हेतु प्रेरित करने को कहा।कलेक्टर ने पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ परिसर को सुव्यस्थित रखने हेतु अधीक्षक को निर्देशित किया।

पोस्ट मेट्रिक बालक विज्ञान छात्रावास के निरीक्षण के दौरान किचन में गैस कनेक्शन की व्यवस्था और किचन शेड की व्यवस्था के साथ आरओ को ठीक कराने और फिल्टर की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री कृपेन्द्र तिवारी और मंडल संयोजक श्री रोशन सहारे भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment