17 अगस्त से 16 सितंबर तक माई भारत पोर्टल पर होगा आयोजन
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत युवाओं के लिए विकसित भारत क्विज आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं के विचारों और नवाचारी सुझावों को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
नई दिल्ली में होगा यूथ लीडर डायलॉग
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन आगामी 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के माध्यम से देश के युवाओं को अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज
कार्यक्रम के प्रथम चरण में विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त 2026 से 16 सितंबर 2026 तक माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा रहा है। युवा ऑनलाइन माध्यम से इस क्विज में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन कर सकते हैं।
15 से 29 वर्ष के युवा होंगे पात्र
इस क्विज में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेने के पात्र हैं। क्विज में चयनित प्रतिभागियों को आगामी चरणों में आयोजित निबंध लेखन एवं प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
जिला से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा दिखाने का अवसर
यह गतिविधि युवाओं के लिए जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा, विचार और नवाचारी सुझाव प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की गई है।








