Buy Advt. Space

वन मंत्री केदार कश्यप ने मड़ानार और मर्दापाल में 238 छात्राओं को बांटी साइकिलें

By

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली शिक्षा की नई रफ्तार

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,जिले के मर्दापाल क्षेत्र में शनिवार को आयोजित निःशुल्क सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने मड़ानार और मर्दापाल में कुल 238 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने भविष्य को संवारने का संदेश दिया।

मड़ानार में 57 और मर्दापाल में 181 छात्राओं को मिली साइकिल

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़ानार में आयोजित कार्यक्रम में मड़ानार, सोनाबाल और गोलावंड की छात्राओं को 57 साइकिलें वितरित की गईं। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्दापाल में मर्दापाल, हसलनार, मटवाल, कांगा, नवागांव और खड़पड़ी की 181 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। मंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया।

शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव

छात्राओं को संबोधित करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता और आत्मनिर्भरता की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प, अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन कर अपने लक्ष्य हासिल करने तथा समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया याद

वन मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष के कारण ही देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में बस्तर के वीर सेनानियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिस पर हर नागरिक को गर्व होना चाहिए।

माओवाद प्रभावित क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव का किया उल्लेख

उन्होंने कहा कि बस्तर लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में क्षेत्र तेजी से माओवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहा है। इस बदलाव में पुलिस और सुरक्षा बलों की भूमिका सराहनीय रही है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती कौशल्या कोर्राम, श्रीमती बलदई नेताम, श्रीमती जयमती कश्यप, श्री रामूराम कोर्राम, श्री रामचन्द्र कश्यप, श्री रामकुमार कोर्राम, श्री रमेश सेठिया, श्री आसमन कोर्राम, श्री लक्ष्मीकांत बेलसरिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी श्री ईमल बघेल, तहसीलदार श्री विजय प्रताप सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्री उत्तम महोबिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment