ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, थाना उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा चलित थाना अभियान के तहत ग्राम बढ़गई हायर सेकेंडरी स्कूल में विधिक एवं जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नवीन कानून, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों, नशा मुक्ति तथा अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित हुई कार्यशाला
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी श्री अखिलेश धीवर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में जागरूकता अभियान चलाया गया।
महिला सुरक्षा और नए कानूनों की दी जानकारी
कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को महिला संबंधी अपराध, बाल अपराध, लैंगिक अपराध, महिलाओं की सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, नशा मुक्ति, अभिव्यक्ति ऐप तथा नवीन कानूनों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अपराधों की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, व्हाट्सएप कॉल पर सतर्क रहने, फर्जी लॉटरी और इनाम के झांसे में नहीं आने की सलाह दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
कार्यक्रम में सुरक्षित यातायात के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज जैसे आरसी बुक, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र एवं परमिट रखने की जानकारी दी गई। साथ ही तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा संदिग्ध या अवैध प्रवासियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
शिक्षकों और पुलिस टीम की रही सहभागिता
कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता मोतीराम बघेल, शिक्षक रामसाय गावड़े, दुलचंद नाग, ममता ध्रुव, रोशन कुमार, रोशन यादव, हरिशंकर बघेल, भगवान सिंह सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। थाना उरंदाबेड़ा से थाना प्रभारी अखिलेश धीवर सहित बुद्धमल सिंह समरथ, नरेंद्र नेताम एवं वीर सिंह मरापी ने भी विद्यार्थियों को जागरूक करने में सक्रिय सहभागिता निभाई।








