Buy Advt. Space

उदंती एरिया कमेटी के सात नक्सलियों ने गरियाबंद में किया आत्मसमर्पण

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद (छत्तीसगढ़): गरियाबंद, धमतरी और ओडिशा के नुवापाड़ा डिवीजन में फैले उदंती एरिया कमेटी से एक बड़ी खबर सामने आई है। नक्सल मोर्चे पर यह बड़ा बदलाव तब दिखा जब इस कमेटी के सभी 7 सक्रिय नक्सलियों ने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया। ये वही नक्सली हैं जो लंबे समय से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए थे।

सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में उदंती एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इनके साथ कमेटी सदस्य लुद्रों, विद्या, नंदिनी और मलेश पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था, जबकि महिला नक्सली कांती पर 1 लाख का इनाम घोषित था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन नक्सलियों के पास से एक एसएलआर राइफल, तीन इंसास और एक सिंगल शॉट हथियार बरामद हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से पुलिस की रणनीतिक दबिश, गांवों में बढ़ती जागरूकता और आत्मसमर्पण नीति के असर से नक्सलियों का मनोबल टूट रहा था। इस बार का सामूहिक आत्मसमर्पण उदंती क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा माना जा रहा है।

आज शाम 5:30 बजे गरियाबंद पुलिस लाइन में रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा इस आत्मसमर्पण अभियान का औपचारिक ऐलान करेंगे। माना जा रहा है कि इस प्रेसवार्ता में नक्सल गतिविधियों से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment