नेवई । थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को एक नाबालिग बच्ची अपने मोहल्ले में घूम रही थी। इसी दौरान मोहल्ले के ही दो नाबालिग, जिनकी उम्र क्रमशः 13 और 14 वर्ष बताई जा रही है, बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि दोनों ने उसे एक सुनसान खंडहर में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
घटना के समय बच्ची की मां उसे तलाशते हुए आसपास पहुंच गई, जिससे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद परिजन सीधे नेवई थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। चूंकि आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Crime News;नेवई में नाबालिग बच्ची से दरिंदगी, दो किशोर आरोपी हिरासत में








