Buy Advt. Space

सरस्वती शिशु मंदिर बड़े कनेरा में संकुल आवर्ती वर्ग प्रशिक्षण संपन्न

By

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और प्रभावी शिक्षण पद्धति पर हुआ मंथन

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवबड़े कनेरा, ग्राम भारती जिला कोंडागांव के चिपावंड संकुल अंतर्गत संचालित सात सरस्वती शिशु मंदिरों के आचार्यों का संकुल आवर्ती वर्ग प्रशिक्षण सरस्वती शिशु मंदिर बड़े कनेरा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में सातों विद्यालयों के कुल 43 आचार्यों ने सहभागिता कर शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और नवीन शिक्षण पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया।

अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में विद्यालय के अध्यक्ष श्री गणेश मानिकपुरी, सदस्य श्री आनंद पवार तथा संयोजक एवं सरपंच श्री प्रकाश चुरगिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानाचार्य कार्ययोजना बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन एवं सुझावों को सभी आचार्यों तक पहुंचाकर शैक्षिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाना था।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति और नवीन पाठ्यपुस्तकों पर विशेष चर्चा

प्रशिक्षण के दौरान वंदना एवं गीतों का अभ्यास कराया गया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, नवीन पाठ्यपुस्तकों के अध्ययन-अध्यापन, शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा विद्यार्थियों को रोचक तरीके से पढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आचार्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बेहतर शिक्षण व्यवस्था को लेकर सुझाव भी दिए।

समाज का मंदिर है सरस्वती शिशु मंदिर : बीरेंद्र साहू

समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री बीरेंद्र साहू ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर न तो निजी संस्था है और न ही सरकारी संस्था, बल्कि समाज द्वारा संचालित एक सांस्कृतिक एवं शैक्षिक केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय व्यापार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का मंदिर है और इसी भावना से इसका संचालन किया जाता है।

राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी एवं मालगांव प्रधान आचार्य ताम्बेश कोर्राम, प्रधानाचार्य शंकर पांडे, महेंद्र पाण्डेय, दुबेश्वर पटेल तथा मंजू मरकाम सहित अन्य आचार्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Leave a Comment