ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामकोटपारा (कोण्डागांव) में शनिवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत 55 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी रहीं।
बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
साइकिल वितरण के दौरान विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार की सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं की विद्यालय तक पहुंच आसान होगी, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने की दी सीख
विधायक ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर बनने का संदेश भी दिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश
उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, वर्षा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, श्री दीपाश अरोरा, श्री संतोष सिंह, श्री जीतू सुराना, श्री संतोष पात्रे, श्रीमती रामेश्वरी पोयाम, श्री ललित देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








