ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत सोमवार को कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने जिले के विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया।
49 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल
विधायक लता उसेंडी ने शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वन बेलगांव में 9 छात्राओं, ग्राम बिंजोली में 20 छात्राओं तथा ग्राम छिनारी में 20 छात्राओं को साइकिल प्रदान की। इस प्रकार तीनों विद्यालयों की कुल 49 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
विद्यालय आने-जाने में मिलेगी सुविधा
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियां कम होंगी।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी तथा वे अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से जारी रख सकेंगी।
पालकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील
विधायक ने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से समय पर विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अध्ययन के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए मेहनत और लगन से पढ़ाई करने का आह्वान किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान
विधायक लता उसेंडी ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रदमा बघेल, अनिल अग्रवाल, संजू पोयाम, जनपद उपाध्यक्ष बैसाखू कोराम, संतोषी देवांगन, कृष्णा पोयाम, दयाल नेताम, सुंदर बघेल एवं मधु प्रधान, जनपद सदस्य जुगबती नेताम एवं पूजा शर्मा सहित विभिन्न ग्रामों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








