ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को कार्यों में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
15 अगस्त की तैयारियों पर विशेष जोर
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
रोड सेफ्टी टास्क फोर्स गठन के निर्देश
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में रोड सेफ्टी टास्क फोर्स के गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
पुनर्वासित परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
कलेक्टर ने पुनर्वासित परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चल रहे सर्वे कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सर्वे पूरा कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में श्रमिकों का पंजीयन अनिवार्य
बैठक में जिले के सभी शासकीय निर्माण कार्यों में कार्यरत मजदूरों का श्रम पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनका पंजीयन आवश्यक है।
डायरिया रोकथाम और पौधरोपण अभियान पर फोकस
स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से डायरिया की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग को वन विभाग से पौधे प्राप्त कर जिले के सभी शासकीय स्कूलों में पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।
ऑनलाइन अटेंडेंस और कार्यालयीन अनुशासन की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों में ऑनलाइन अटेंडेंस प्रणाली शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यालयीन अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








