महेश प्रजापति राजनांदगांव। बस्तर में सक्रिय रावघाट एरिया कमेटी की महिला माओवादी उर्मिला उर्फ टेटकी (28) ने आत्मसमर्पण कर दिया है। वह बुधवार शाम मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उसका औपचारिक आत्मसमर्पण कराया जाएगा।
13 साल तक रही माओवादी संगठन में सक्रिय
उर्मिला मूल रूप से मानपुर ब्लॉक के मुंजाल गांव की रहने वाली है और करीब 13 वर्षों तक सशस्त्र माओवादी संगठन के साथ बस्तर क्षेत्र में सक्रिय रही।
कम उम्र में संगठन में हुई थी शामिल
उसने बताया कि 15 साल की उम्र में डीवीसीएम जंगू उसे अपने साथ बस्तर के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में ले गया, जहां उसे माओवादी संगठन में शामिल कर लिया गया था।
हालिया मुठभेड़ की दी जानकारी
उर्मिला ने खुलासा किया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसकी मुलाकात डीवीसीएम चंदर और एसीएम रुपी से कांकेर के जंगल में हुई थी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में रुपी मारी गई, जबकि चंदर अब भी अपने साथियों के साथ सक्रिय है।
बिना हथियार पहुंची अपने जिले
कुछ दिनों पहले उर्मिला बिना हथियार के जंगल के रास्ते बस्तर से मोहला की ओर निकली और पैदल ही मानपुर के जंगल पहुंची। वह अपने गृह जिले में ही आत्मसमर्पण करना चाहती थी।
जिले की आखिरी माओवादी कैडर बताई जा रही
पुलिस के अनुसार, उर्मिला को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की आखिरी सक्रिय माओवादी कैडर माना जा रहा है। उसके आत्मसमर्पण को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।








