Buy Advt. Space

राजहरा में बच्चों के झूले की रॉड चोरी: गांधी चौक में चोरों के बढ़े हौसले, CCTV होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं

By

दल्ली राजहरा से अंकित टाटिया की रिपोर्ट

स्थान: राजहरा, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)
घटना की तारीख: 14 अक्टूबर 2025 (मध्य रात्रि)

राजहरा थाना क्षेत्र के गांधी चौक वार्ड नंबर 20, गांधी मूर्ति के पास से एक बेहद चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले की लोहे की रॉड अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। घटना 14 अक्टूबर की मध्य रात्रि की बताई जा रही है। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गांधी चौक के समीप बबली जनरल स्टोर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार रात्रिकालीन गश्त की कमी से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।


प्राथी की व्यथा – “हम रोज़ी-रोटी के लिए झूला चलाते थे”

चोरी की शिकायत करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वे अपनी आजीविका चलाने के लिए बच्चों के झूले लगाकर दो पैसे कमाते थे, लेकिन चोरों की नजर उनके छोटे व्यवसाय पर पड़ गई।
उन्होंने बताया,

“हमने बच्चों के खेलने के लिए झूला लगाया था, जिससे कुछ आमदनी हो जाती थी। पर बीती रात चोरों ने झूले की लोहे की रॉड उखाड़कर ले गए। हमारी मेहनत और कमाई पर ही उन्होंने हाथ साफ कर दिया।”

प्राथी ने आगे बताया कि पाइप की कीमत लगभग 12 से 15 हजार रुपये है। इस संबंध में उन्होंने राजहरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों में आक्रोश
घटना के बाद गांधी चौक क्षेत्र के नागरिकों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र के बीचोंबीच हुई चोरी पुलिस की लापरवाही को उजागर करती है।
निवासियों ने मांग की है कि CCTV फुटेज खंगालकर चोरों की जल्द पहचान की जाए और कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


पुलिस कार्रवाई पर सवाल
प्राथी का कहना है कि उन्होंने शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से न तो कोई जांच की गई है और न ही किसी संदिग्ध से पूछताछ।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो चोरों का सुराग अब तक मिल गया होता।


गांधी चौक जैसी प्रमुख जगह पर हुई यह चोरी यह दर्शाती है कि छोटे व्यवसायी और फुटपाथ पर काम करने वाले लोग भी अब चोरों के निशाने पर हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, CCTV कैमरों की जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Leave a Comment