माँकड़ी और फरसगांव में युवाओं के साथ करेंगे सदस्यता अभियान की शुरुआत
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश स्तरीय युवा सदस्यता अभियान “JOIN BJYM 2026” के तहत सोमवार, 27 जुलाई 2026 को जिला कोंडागांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान में भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और माँकड़ी एवं फरसगांव मंडल का दौरा करेंगे।
दो स्थानों पर होंगे सदस्यता अभियान के कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया सुबह 11:00 बजे माँकड़ी मंडल के मंडी परिसर, माँकड़ी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे वे सामुदायिक भवन, फरसगांव में आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करेंगे। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रहने की संभावना है।
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर रहेगा जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता युवा मोर्चा से जोड़ना, राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना है। साथ ही भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से युवाओं को जोड़ते हुए विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला कोंडागांव ने जिले के सभी युवा साथियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर “JOIN BJYM 2026” सदस्यता अभियान को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।








