ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव ,अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा रविवार को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक एवं युवतियों को स्विमिंग पूल में तैराकी का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाना था।
प्रतिदिन दिया जा रहा निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार कोंडागांव जिले के पूर्व सैनिकों द्वारा प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक विकास नगर स्टेडियम में युवक एवं युवतियों को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में फिजिकल ट्रेनिंग के तनाव और थकान को दूर करने के लिए तैराकी अभ्यास का आयोजन किया गया।
तैराकी के फायदे बताए
कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को तैराकी के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तैराकी एक महत्वपूर्ण जलक्रीड़ा है, जो मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी होती है। इससे शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी कम होता है।
वहीं जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि तैरना जीवन के लिए एक आवश्यक कौशल है। तैराकी से व्यक्ति स्वयं को और दूसरों को डूबने से बचा सकता है। इसके अलावा नियमित तैराकी से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और शरीर फिट रहता है।
गानों की धुन पर किया नृत्य
तैराकी अभ्यास के बाद युवक-युवतियों के साथ पूर्व सैनिकों ने गानों की धुन पर तैराकी के साथ मनोरंजक नृत्य भी किया। इससे प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
पौष्टिक आहार का किया वितरण
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिक श्रीकांत तिवारी की ओर से सभी प्रशिक्षणार्थियों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, सदस्य श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू, राकेश धीवर सहित बड़ी संख्या में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे।








