ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव,जिले में पंजीकृत समाचार पत्रों के नाम, लोगो और स्वरूप का दुरुपयोग कर फर्जी एवं भ्रामक समाचार सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोंडागांव प्रेस एंड मीडिया फेडरेशन सह प्रेस क्लब ने जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को आवेदन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
व्हाट्सएप समूहों में वायरल हो रहे फर्जी समाचार
प्रेस क्लब द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, सोशल मीडिया विशेषकर विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जिले के पंजीकृत दैनिक समाचार पत्रों के नाम, लोगो और लेआउट का दुरुपयोग करते हुए फर्जी समाचार तैयार कर प्रसारित किए जा रहे हैं। इन खबरों को इस प्रकार प्रस्तुत किया जा रहा है कि वे वास्तविक समाचार पत्रों में प्रकाशित प्रतीत हों, जिससे आमजन भ्रमित हो रहे हैं।
मीडिया की साख पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव
प्रेस क्लब का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल संबंधित समाचार पत्रों और पत्रकारों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि समाज में भ्रामक सूचनाएं फैलाकर मीडिया के प्रति लोगों के विश्वास को भी कमजोर कर रही हैं। ऐसे कृत्य पत्रकारिता की गरिमा पर सीधा आघात हैं।
समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ सकती हैं ऐसी घटनाएं
प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सोनपिपरे ने कहा कि यदि इस प्रकार के मामलों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समाचार पत्र के नाम और स्वरूप का दुरुपयोग कर झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित कर सकता है। इससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर गंभीर असर पड़ेगा।
दोषियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की मांग
प्रेस क्लब ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित दोषी व्यक्तियों की पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पत्रकारिता की गरिमा तथा आमजन का विश्वास सुरक्षित बना रहे।








