कोण्डागांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम, युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, जिला प्रशासन कोण्डागांव, माय भारत तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बड़े कनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
विधायक लता उसेंडी रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, महाविद्यालयीन विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की नशामुक्ति शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया राष्ट्रीय शुभारंभ
अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति देश का युवा है और उसकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इस अवसर पर देशभर में नशामुक्त भारत का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
एकलव्य विद्यालय में भी प्रसारित हुआ संदेश
इसी क्रम में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में भी विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संदेश सुनाया गया तथा उन्हें नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।








