छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने उठाई सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की मांग
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज द्वारा पिछड़ा वर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर 18 अक्टूबर को बस्तर संभाग के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों एवं सांसदों को ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री लता उसेंडी को उनके निवास पर पहुंचकर समाज की तीन सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाज के जिलाध्यक्ष रैमल दीवान ने किया।
27 प्रतिशत आरक्षण की मांग प्रमुख
छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। समाज का कहना है कि पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए आरक्षण के विषय पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।
जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग
समाज की दूसरी प्रमुख मांग राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की भांति अलग कॉलम निर्धारित करने की है। समाज का मानना है कि इससे पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सामने आएंगे और उनके हितों से जुड़ी नीतियों के निर्माण में सहायता मिलेगी।
पांचवीं अनुसूची और पेसा क्षेत्र में अधिकार देने की मांग
तीसरी मांग पांचवीं अनुसूची एवं पेसा क्षेत्र में निवासरत मूलनिवासी समाज को नियमानुसार सुविधाएं एवं अधिकार उपलब्ध कराने से संबंधित है। समाज ने संबंधित प्रावधानों के अनुरूप पात्र लोगों को सुविधाएं और अधिकार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन तक पहुंचाएंगे मांगें
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के अधिकारों, उचित प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को शासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जा रहा है। समाज ने संबंधित जनप्रतिनिधियों से मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर संभागीय संगठन महामंत्री नीलकंठ शार्दूल, जिला महामंत्री मनोज देवांगन, मुख्य संरक्षक अमित गुप्ता, सलाहकार भारत जैन, कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामदेव कौशिक, चमन वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण मानिकपुरी, विकासखंड प्रमुख हरिशंकर देवांगन, आनंद पवार, डमरुधर यादव, प्रकाश सेठिया, रामरुद्र पटेल, रेवतमल देवांगन, लखेश्वर पांडे, बलदेव शार्दूल, देवेंद्र यादव, सोनधर यादव, दलेंद्र परासर एवं प्रमोद मानिकपुरी सहित पिछड़ा वर्ग समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एकजुटता व्यक्त करते हुए शासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।








