Buy Advt. Space

नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

By

12 सितम्बर को होने वाली नेशनल लोक अदालत की सफलता पर जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव,आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल संचालन एवं अधिकतम राजीनामायोग्य प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण निराकरण के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में मध्यस्थता केन्द्र में बैंक, दूरसंचार विभाग एवं नगरपालिका के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

नेशनल लोक अदालत को बताया सरल और प्रभावी माध्यम

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री खिलावन राम रिगरी ने कहा कि नेशनल लोक अदालत न्याय प्राप्ति का सरल, त्वरित एवं प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए पक्षकार आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा आपसी संबंध भी मजबूत बने रहते हैं।

बैंक, दूरसंचार और नगरपालिका को दिए विशेष निर्देश

बैठक में बैंक अधिकारियों को ऋण वसूली, बैंक रिकवरी तथा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की सूची तैयार कर संबंधित पक्षकारों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें नेशनल लोक अदालत के माध्यम से विवादों के निराकरण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार दूरसंचार विभाग को दूरभाष बिल एवं अन्य समझौतायोग्य प्रकरणों का अधिकतम निराकरण सुनिश्चित करने तथा नगरपालिका अधिकारियों को जलकर, संपत्तिकर एवं अन्य राजीनामायोग्य मामलों की पहचान कर उन्हें नेशनल लोक अदालत में निराकृत कराने के निर्देश दिए गए।

प्री-सिटिंग के माध्यम से बढ़ेंगे समझौते के प्रयास

प्रधान न्यायाधीश ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक प्रकरणों में प्री-सिटिंग आयोजित कर पक्षकारों के बीच समझौते के प्रयास किए जाएं, ताकि नेशनल लोक अदालत के दिन अधिकाधिक मामलों का सफल एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

सभी विभागों के समन्वित प्रयास पर निर्भर होगी सफलता

उन्होंने कहा कि नेशनल लोक अदालत की सफलता सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। इसलिए संबंधित अधिकारी नियमित समीक्षा करते हुए अधिकतम मामलों के निराकरण के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

ये रहे उपस्थित

बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विकम प्रताप चन्द्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव सुश्री गायत्री साय सहित बैंक विभाग, दूरसंचार विभाग एवं नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment