Buy Advt. Space

जिला स्तरीय ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ प्रतियोगिता आयोजित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव,खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भारत शासन के तत्वावधान में शुक्रवार को बड़ेकनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।

नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का आह्वान

अपने संबोधन में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़कर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि कोण्डागांव जिले में भी जल्द ही माई भारत केन्द्र की स्थापना की जाएगी।

मेहनत और सकारात्मक सोच को बनाएं जीवन का वास्तविक नशा

विधायक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, मेहनत और अध्ययन को ही अपना वास्तविक नशा बनाएं। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर समाज में आदर्श नागरिक बनने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने नशे को बताया समाज के लिए अभिशाप

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। इसके कारण युवा गलत राह पर चले जाते हैं और परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाकर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने सभी विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, मूक अभिनय, पेंटिंग, वक्तृत्व कला, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन एवं कविता लेखन जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने स्थानीय एवं क्षेत्रीय भाषा-बोलियों के माध्यम से नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा रहे उपस्थित

कार्यक्रम में दीपेश अरोरा, संतोष पात्रे, जितेन्द्र सुराना, सोनामणि पोयाम, सुषमा खोब्रागड़े, आर.के. जैन, खेम वैष्णव, हरेन्द्र यादव, रेखा साहू, अशोक ब्रह्म, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, माई भारत केंद्र कांकेर के अधिकारी सुनील कुमार, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा वालेंटियर्स उपस्थित रहे।

Leave a Comment