Buy Advt. Space

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किए गए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध करा रही हैं।

घर-घर पहुंचकर हो रही स्वास्थ्य जांच

13 अप्रैल 2026 से संचालित इस अभियान के तहत जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ कुष्ठ रोग, टीबी, कुपोषण और अन्य बीमारियों की जांच कर रही हैं। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के नेतृत्व में अभियान का संचालन किया जा रहा है।

स्वास्थ्य परीक्षण में सामने आया कुष्ठ रोग का मामला

अभियान के दौरान जिले के एक ग्रामीण परिवार के स्वास्थ्य परीक्षण में कुष्ठ रोग के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य टीम द्वारा विस्तृत जांच करने पर रोग की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की गई, जिसमें संक्रमण के अन्य मामले भी सामने आए।

समय पर इलाज से मिला राहत

चिकित्सकों के अनुसार संक्रमित व्यक्ति के लंबे समय तक संपर्क में रहने से संक्रमण फैलने की संभावना बनी रहती है। समय पर पहचान होने के कारण दोनों मरीजों का उपचार तत्काल प्रारंभ कर दिया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा नियमित रूप से दवा सेवन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य कर्मियों की रही अहम भूमिका

अभियान के सफल संचालन में जिले के अनुभवी एनएमए श्री लोकेश सोनी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक श्री मनोज कुमार बघेल की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।

जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर क्षेत्र में जनकल्याण और समग्र विकास की दिशा में राज्य शासन की संवेदनशील पहल बनकर उभर रहा है। शासन द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, आवास और आजीविका के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Leave a Comment