ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 27 K 0497) भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान डोमेन्द्र कोर्राम (26 वर्ष), पिता बजनाथ कोर्राम, निवासी ग्राम चेमा, थाना बयानार, जिला कोण्डागांव के रूप में हुई है।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने प्रेम का झांसा देकर उसे घुमाने ले जाने की बात कही और नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 197/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
जंगल-पहाड़ में छिपा मिला आरोपी
तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कोंगेरा के आसपास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी जंगल-पहाड़ की ओर गया है।
इसके बाद पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी की, जहां आरोपी एक बड़े पत्थर के नीचे छिपा हुआ मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को 23 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राज कुमार कोमरा, महिला प्रधान आरक्षक रेवती नेताम, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, आरक्षक बीजू राम यादव तथा बीरजू सोरी की विशेष भूमिका रही।








