प्रसव के बाद मां और शिशु की देखभाल में मिली आर्थिक मदद, 20 हजार रुपये की सहायता राशि से आसान हुई जरूरतें
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रमिक परिवारों के कल्याण और आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना महिला श्रमिकों के लिए सहारा बन रही है। योजना के तहत प्रसूति के बाद मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपने और नवजात शिशु के स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल में मदद मिल रही है।
प्रसव के बाद मिली 20 हजार रुपये की सहायता
कोण्डागांव जिले के ग्राम जोंधरापदर निवासी श्रीमती सरस्वती बघेल को मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत प्रसूति के बाद 20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से इस योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें इसका लाभ प्राप्त करने में सहायता मिली।
मां और नवजात की देखभाल में मिली राहत
श्रीमती सरस्वती बघेल ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद मां और नवजात शिशु की देखभाल के लिए पौष्टिक आहार, दवाइयों तथा अन्य जरूरी वस्तुओं की आवश्यकता बढ़ जाती है। इस दौरान परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी पड़ता है। ऐसे समय में शासन से प्राप्त 20 हजार रुपये की सहायता राशि उनके लिए उपयोगी साबित हुई।
इस आर्थिक सहयोग से प्रसव के बाद होने वाले जरूरी खर्चों का प्रबंधन आसान हुआ। साथ ही उन्हें अपने स्वास्थ्य और बच्चे के पोषण एवं देखभाल पर ध्यान देने में भी सहूलियत मिली।
श्रमिक परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही योजना
श्रीमती सरस्वती बघेल ने आवश्यकता के समय आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस सहायता से उनके परिवार को काफी राहत मिली।
मिनीमाता महतारी जतन योजना का उद्देश्य पात्र महिला श्रमिकों को प्रसूति के समय आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बेहतर देखभाल को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार योजना श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।








