ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । थाना मर्दापाल पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
3 साल तक बनाता रहा शारीरिक संबंध
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पीड़िता ने 13 मार्च 2026 को थाना मर्दापाल में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी डोलेश्वर कोर्राम (35 वर्ष), निवासी बड़ेकुरूषनार पूरनबेड़ा पारा, थाना मर्दापाल, ने उसे शादी करने और धर्मपत्नी बनाकर रखने का झांसा दिया। इस बहाने पिछले तीन वर्षों से लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा और बाद में शादी से इंकार कर दिया।
मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 66, 64(2)(M) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
गांव से ही किया गया गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 मार्च 2026 की सुबह 8:30 बजे आरोपी को उसके निवास ग्राम बड़ेकुरूषनार से गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश, भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय कोण्डागांव में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना मर्दापाल के निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि नरेश कुमार साहू सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी तत्परता से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सका।








