मर्दापाल पुलिस ने मर्ग जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, थाना मर्दापाल पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कुमेन्द्र कश्यप (19 वर्ष), निवासी हसलनार बाजारपारा, थाना मर्दापाल के रूप में हुई है।
मर्ग जांच में सामने आए तथ्य
पुलिस के अनुसार थाना मर्दापाल में दर्ज मर्ग क्रमांक 15/2026 की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं सहेलियों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। जांच में मृतिका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, मृतिका द्वारा आरोपी से विवाह की बात कहे जाने पर आरोपी द्वारा विवाह से इंकार किया गया। जांच के दौरान कथित रूप से गाली-गलौज करने तथा आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने से संबंधित तथ्य भी सामने आए। इसके बाद मृतिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम हसलनार पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मर्ग जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया धारा 296 एवं 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पाए जाने पर उसे 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में किया जा रहा प्रस्तुत
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम का रहा योगदान
कार्रवाई में थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक भुनेश्वर नाग, सउनि. सुनीता उईके, नरेश साहू, प्रधान आरक्षक संत राम नायक, आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, सतू लाल मरकाम एवं कमलेश कोर्राम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








