ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मर्दापाल तहसील अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आश्रम छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चेमा उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम चेमा स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने भवन के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी केन्द्र में व्यवस्थाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने केन्द्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने तथा भोजन निर्माण के लिए गैस सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लखापुरी स्वास्थ्य केन्द्र में दवाइयों की समीक्षा
लखापुरी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर कलेक्टर ने आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए काउंसिलिंग पर विशेष जोर देने को कहा।
बाल आश्रम कड़ेनार का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर ने मर्दापाल स्थित बाल आश्रम कड़ेनार का निरीक्षण कर वहां की आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री कृपेन्द्र तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








