ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव,अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला इकाई कोंडागांव द्वारा परिषद के नव मनोनीत प्रांतीय अध्यक्ष मेजर प्रवीण सिंह के प्रथम कोंडागांव आगमन पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद यह उनका पहला कोंडागांव प्रवास था। उनके साथ राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेन्द्र मिश्रा, प्रांतीय महामंत्री किशोरी लाल साहू एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र डडसेना भी उपस्थित रहे।
डीएनके मैदान में सैन्य प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण
प्रातः 6:30 बजे मेजर प्रवीण सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीएनके मैदान पहुंचकर परिषद द्वारा संचालित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण शिविर में कोंडागांव, बड़ेराजपुर और फरसगांव विकासखंड से आए युवाओं ने दौड़, गोला फेंक, ऊंची कूद एवं लंबी कूद का प्रदर्शन किया।
मेजर प्रवीण सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों के अनुशासन और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्र सेवा और संगठन मजबूती पर दिया जोर
राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेन्द्र मिश्रा ने अपने संबोधन में कोंडागांव इकाई की गतिविधियों और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि परिषद समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने युवाओं को बताया कि पूर्व सैनिकों द्वारा निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर, सामाजिक जागरूकता अभियान और विभिन्न सेवा कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना मजबूत हो रही है।
नगर सेना में चयनित युवतियों ने बढ़ाया गौरव
कार्यक्रम में परिषद से प्रशिक्षण प्राप्त कर नगर सेना में चयनित युवतियां भी शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति ने अन्य प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यालय में दीप प्रज्वलन और संगठन गीत
इसके बाद सभी अतिथि परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया और संगठन गीत गाया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गतिविधियों की जानकारी
बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कोंडागांव जिला इकाई की गतिविधियों और सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
मेजर प्रवीण सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उत्कृष्ट पूर्व सैनिकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं परिषद की ओर से समस्त अतिथियों को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न
जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों, मातृशक्तियों और प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र सेवा एवं संगठन सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में सदस्य और प्रशिक्षणार्थी रहे उपस्थित
इस अवसर पर बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सहसचिव रवि ठाकुर, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुंवर, बड़ेराजपुर ब्लॉक अध्यक्ष रूपउ राम मरकाम सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, मातृशक्ति सदस्य एवं लगभग 150 युवक-युवतियां उपस्थित रहे।








