क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना, मंदिर परिसर में किया पौधारोपण
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव। कनेरा रोड स्थित शिव शंकर मंदिर का 33वां स्थापना दिवस शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
33 वर्षों से आस्था का प्रमुख केंद्र बना मंदिर
मंदिर समिति के अनुसार लगभग 33 वर्ष पहले एक श्रद्धालु की मन्नत पूरी होने के बाद इस मंदिर की स्थापना की गई थी। तभी से यह मंदिर क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जिसके चलते दूर-दूर से भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
सुंदरकांड पाठ और जलाभिषेक से गूंजा मंदिर परिसर
स्थापना दिवस के अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर विकास की मांगों पर विधायक ने दिया सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति ने मंदिर के विकास से संबंधित विभिन्न मांगें विधायक लता उसेंडी के समक्ष रखीं। विधायक ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करने और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर समिति ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।








