सड़क, पुल-पुलिया और सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने बुधवार को कोण्डागांव और माकड़ी विकासखंड के विभिन्न गांवों में 7 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में डामरीकरण सड़क, सीसी रोड, पुल-पुलिया और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ग्राम बबई और ग्राम बालोंड में पक्की सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी होने जा रही है।
सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम पलारी के नानीपदर पारा में 15 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं, ग्राम पल्ली में 3 लाख रुपये की लागत से मावली गुड़ी तथा 10 लाख रुपये की लागत से आदिवासी सामुदायिक भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
इसी क्रम में माकड़ी विकासखंड के ग्राम बबई से ग्राम करमरी दुर्गा चौक तक 3 करोड़ रुपये की लागत से 2.80 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क में पुल-पुलिया निर्माण कार्य भी शामिल है।
इसके अलावा, ग्राम बालोंड में कालीपारा से हुक्काबेड़ा पाथरी तक 4 किलोमीटर लंबी डामरीकरण सड़क का निर्माण पुल-पुलिया सहित 4 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनकल्याण पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हुए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को लाभान्वित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। शासन की मंशा के अनुरूप अधोसंरचना विकास और निर्माण कार्यों के साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
आयुष्मान भारत और महतारी वंदन योजना से मिल रहा लाभ
विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में राहत मिलती है।
इसी तरह, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
ग्रामीणों से श्रम पंजीयन कराने की अपील
सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से श्रम पंजीयन कराने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर एवं श्रीमती भगवती नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जनपद सदस्य श्रीमती ममता नेताम, श्रीमती पूजा शर्मा, श्री अंगद पटेल, श्री चंदन साहू, श्री धनजू मरकाम, श्री संजू पोयाम, श्री संजू ग्वाल, श्री ललित पोयाम, श्री पन्ना लाल नेताम, श्री मेषलाल पोयाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।








