Buy Advt. Space

संवहनीय कृषि को बढ़ावा देने कृषि सखियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

By

ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों से किया जाएगा प्रशिक्षित

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव,ग्रामीण क्षेत्रों में संवहनीय कृषि को बढ़ावा देने और महिलाओं की कृषि क्षेत्र में भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोण्डागांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई के निर्देशानुसार 200 कृषि सखियों का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से प्रारंभ हो गया। प्रशिक्षण का आयोजन कुल पांच बैचों में किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक बैच में लगभग 40 कृषि सखियां भाग लेंगी।

संवहनीय कृषि की तकनीकों पर मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि सखियों को संवहनीय कृषि पद्धतियों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, पोषण वाटिका तथा जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों तक प्रभावी तकनीकी मार्गदर्शन पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

सैद्धांतिक और व्यवहारिक सत्र होंगे आयोजित

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सफल कृषि मॉडलों एवं नवाचारों से कृषि सखियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने गांवों में किसानों को वैज्ञानिक, पर्यावरण अनुकूल एवं टिकाऊ खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर सकें।

कृषि विस्तार में निभाएंगी महत्वपूर्ण भूमिका

कृषि सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से आधुनिक एवं संवहनीय कृषि तकनीकों का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचेगा। इससे उत्पादन लागत में कमी आएगी, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा तथा महिला किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।

महिला सशक्तिकरण के साथ कृषि विकास को मिलेगा बढ़ावा

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूकता और कृषि उत्पादकता दोनों में वृद्धि की उम्मीद है।

Leave a Comment