Buy Advt. Space

मतदाता पंजीकरण हेतु अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान

By

635 मतदान केन्द्रों में चलेगा विशेष अभियान

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कोण्डागांव जिले के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र 82-केशकाल, 83-कोण्डागांव तथा 84-नारायणपुर (आंशिक) के सभी 635 मतदान केन्द्रों में अक्टूबर 2026 के दौरान मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

छूटे और नए पात्र मतदाताओं का होगा पंजीकरण

विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के साथ-साथ नए एवं पहली बार पात्र बने युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा, जिनके नाम अभी तक सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं।

बीएलओ घर-घर पहुंचकर करेंगे पंजीकरण

अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके साथ ही पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पात्र नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। नागरिक अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

ECINET ऐप और वेबसाइट से भी कर सकते हैं आवेदन

मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए नागरिक ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

Leave a Comment